॥ सूक्ष्म और विस्तार ॥ · कविता
वाणी ही विधान
बढ़ा दे बात का वजन इतना, कि पहाड़ बन जाए-
फिर चाहे आंधी आए, तूफान आए, बारिश आए-
पहाड़ का फिर कुछ भी, नहीं बिगड़ पाए-
वाणी ही विधान बन जाए, वाणी ही विनाश बन जाए-
वाणी ऐसी बोल कि, विधि का विधान बन जाए।।१।।
सारा संसार झूम जाए, पल भर का अंतर ना ला पाए-
वाणी ऐसी बोल कि, जीव से जीव मिल जाए-
वाणी ही मार्ग बन जाए, वाणी ही कुमार्ग से बचाए-
वाणी ही वरदान बन जाए, वाणी ही श्राप बन जाए-
वाणी ऐसी बोल कि, विधि का विधान बन जाए।।२।।
शरीर का आदि अन्त सत्य है, आत्मा अमर कहलाए-
मिटने से पहले जो जीवन में, आत्मा को जान जाए-
उसका जीवन धन्य - धन्य हो, जाए परम पद पा जाए-
आत्मा से निकले हुए शब्द पर, शस्त्र न चल पाए-
वाणी ऐसी बोल कि, विधि का विधान बन जाए।।३।।
वासना का सत्य सौंदर्य है, शरीर का सत्य शक्ति कहलाए,
मन का सत्य ज्ञान है, आत्मा का सत्य प्रेम कहलाए,
प्रेम पवित्र है, इसलिए चरित्र, अजर - अमर हो जाए,
मोहिनी के रूप में भी, कपट ब्रह्म का भी ना छिप पाए,
वाणी ऐसी बोल कि, विधि का विधान बन जाए।।४।।
निर्माण ही ब्रह्म है, वाणी ही ब्रह्मा कहलाए-
व्यवस्था ही विष्णु है, संहार ही शिव कहलाए-
वाणी ही, प्राणी की सुन्दरता, सत्य श्रृंगार कहलाए-
विद्या की रक्षक वाणी - वाणी की रक्षक आत्मा कहलाए-
वाणी ऐसी बोल कि, विधि का विधान बन जाए।।५।।
वाणी की शक्ति अनन्त है, महिमा कितनी जान जाए-
जितना रहस्य जान जाए, उतना ही कम बोल पाए,
शब्द में हर समस्या का, समाधान व्यक्त हो जाए,
व्यक्ति सत्य की महिमा जान न पाए - तत्व न जान पाए,
वाणी ऐसी बोल कि, विधि का विधान बन जाए।।६।।
जो अधिक बोलते हैं, वे शब्द की शक्ति को जान न पाए,
दुर्लभ योनि का जीवन, व्यर्थ वाद विवाद में चला जाए,
है तो ऋषि वंशज पर वो, कीट मूढ़ की योनि कहलाए,
नित्य झूठ बोलता जाए, माया मोह से ग्रस्त कहलाए,
वाणी ऐसी बोल कि, विधि का विधान बन जाए।।७।।
वायु ही पंचतत्व में, बीज रूप में जीव से पहले आए,
प्राण पखेरू उड़ जाए तो, जीव से पहले वायु जाए,
बुद्धि हाथी सी, विवेक सिंह का, जिसमें आ जाए,
उसके जीवन का चरित्र, अजर - अमर हो जाए,
वाणी ऐसी बोल कि, विधि का विधान बन जाए।।८।।
— प्रकाश चन्द्र सेठ