॥ सूक्ष्म और विस्तार ॥ · कविता

धरा

बता सतयुग त्रेता द्वापर में, कौन सी धरा थी,
क्या यही धरा न थी, यही न धरा थी।
फिर सतयुग में इतनी, अच्छाइयां कहां से आई थी,
सद्भाव की चहुं ओर, विचार धारा थी, निरोगी काया थी,
युग बदल गया, युग बदल गया, यह निकम्मों की दुहाई है,
क्या शरीर पंचतत्व का नहीं रहा, या धरा बदली पाई है,
बता सतयुग त्रेता द्वापर में, कौन सी धरा थी,
क्या यही धरा न थी, यही न धरा थी।

अब ये सुनिश्चित और सत्य है,
धरा में नहीं अच्छाई और बुराई है,
दोष तेरी दृष्टि में है, अंतःकरण की शक्ति न तूने पाई है,
चरित्र बदल गया है तेरा, चरित्र न तेरा अब स्थाई है,
देता दोष प्रकृति को तू, जबकि तू, स्वयं बना कसाई है,
बता सतयुग त्रेता द्वापर में, कौन सी धरा थी,
क्या यही धरा न थी, यही न धरा थी।

पड़ा बोझ आंखों पर ज्यादा, आज आंखों की शक्ति भी तूने गंवाई है,
बता बातों से कब तक बहलायेगा, क्या बातों से भी समृद्धि आई है,
स्वयं को तो जान नहीं पाया, जिसमें (शरीर में) अपार शक्ति समाई है,
स्वयं को बचाए रखने के लिए, दूसरों को मारना किस की भलाई है,
बता सतयुग त्रेता द्वापर में, कौन सी धरा थी,
क्या यही धरा न थी, यही न धरा थी।

विश्व धरोहरों को नष्ट करने में, तुमको जरा सी लाज ना आई है,
क्या तुम्हारे पूर्वजों ने तुमको, यही सभ्यता और शिक्षा दिलाई है,
दूसरों के धर्मों को ठेस पहुंचाना, किस धर्म की भलाई है,
भविष्य की तो बात ही छोड़, वर्तमान में भी खाई है,
बता सतयुग त्रेता द्वापर में, कौन सी धरा थी,
क्या यही धरा न थी, यही न धरा थी।

एक होना बुराई नहीं, एकता में मानवता, कभी नहीं आ पाई है,
फिर मानवता के रखवालों ने, कितनी मानवता अपना पाई है,
धरा–धम-धाम-धर्म की, विविधता ही धरोहर होती आई है,
किस युग की तरफ जा रहे हो, ये बात तुमने समझ पाई है,
बता सतयुग त्रेता द्वापर में, कौन सी धरा थी,
क्या यही धरा न थी, यही न धरा थी।

— प्रकाश चन्द्र सेठ